जावेद और शकील के नाम सामने आने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
नालासोपारा। मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र के पेल्हार पुलिस स्टेशन अंतर्गत संतोष भवन पुलिस चौकी से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर कथित तौर पर खुलेआम गुटखा कारोबार चलने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक यहां से गुटखा की कथित सप्लाई फोर-व्हीलर और एक्टिवा के माध्यम से विभिन्न इलाकों में किए जाने का आरोप है।
सूत्रों के अनुसार इस कथित कारोबार में जावेद और शकील नामक व्यक्तियों के नाम सामने आ रहे हैं। सूत्रों का यह भी दावा है कि जावेद के खिलाफ पूर्व में कई मामले दर्ज होने तथा उसके तड़ीपार होने के बावजूद कथित रूप से गुटखा कारोबार जारी है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस चौकी के इतने नजदीक यदि अवैध गुटखा बिक्री और सप्लाई का कारोबार चल रहा है, तो संबंधित विभाग की नजर इस गतिविधि पर क्यों नहीं पड़ रही है?
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, कथित सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह है कि पेल्हार पुलिस और संबंधित विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और कथित गुटखा कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं।


