पालघर वसई विरार
नईम अहमद अब्बासी
पालघर जिला वसई-विरार शहर में स्मार्ट बिजली मीटर लगाए जाने के विरोध में सोमवार को विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की ओर से जोरदार मोर्चा निकाला गया। बहुजन विकास आघाड़ी, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना, लालबावटा, समजाजवादी पार्टी सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता और नागरिक इस आंदोलन में शामिल हुए।

मोर्चा वसई पूर्व स्थित महावितरण कार्यालय के बाहर पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर के विरोध में जमकर नारेबाजी की। आंदोलन में शामिल लोगों ने हाथों में विभिन्न पोस्टर और बैनर लेकर स्मार्ट मीटर के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर को लेकर आम नागरिकों में कई तरह की चिंताएं हैं और सरकार एवं महावितरण को इस मुद्दे पर जनता की शंकाओं का समाधान करना चाहिए। आंदोलनकारियों ने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां प्रशासन के समक्ष रखीं।
मोर्चे को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए महावितरण कार्यालय और आसपास के परिसर में भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया था। पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात व्यवस्था पर भी नजर रखी गई।
वसई-विरार में स्मार्ट मीटर का मुद्दा अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों और नागरिक संगठनों के आंदोलन के चलते आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर प्रशासन और महावितरण की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


